News Hour

Uttar Pradesh News: रुदौली सीएचसी में जांच के नाम पर अवैध वसूली का मामला उजागर, आरोपी युवक पुलिस के हवाले

rudauli-chc-investigation-scam-exposed

अयोध्या। जनपद के रुदौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के नाम पर मरीजों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों से विभिन्न जांचों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। मामला उस समय उजागर हुआ जब एक गरीब महिला से जांच के नाम पर अवैध रूप से धन लिए जाने की शिकायत सामने आई।


जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मौजूद एक युवक द्वारा जांच कराने के नाम पर उससे अवैध वसूली की गई। शिकायत सामने आते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलते ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस को सूचना दी।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने मिल्कीपुर निवासी एक युवक को पकड़कर हिरासत में ले लिया। अवैध वसूली का मामला उजागर होने के बाद आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस युवक से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस वसूली के खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा यह कब से चल रहा था।


वहीं पूरे प्रकरण में सीएचसी अधीक्षका डॉ. फातिमा हसन अवैध वसूली से अनजान नजर आईं। हालांकि घटना सामने आने के बाद उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। करीब एक माह पूर्व भी आम जनता ने अस्पताल परिसर में सक्रिय एक दलाल को पकड़कर सीएचसी अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन के हवाले किया था, लेकिन उस मामले में आज तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई न होने के कारण सीएचसी रुदौली में दलालों का हौसला बढ़ता जा रहा है और अस्पताल परिसर धीरे-धीरे दलालों का अड्डा बनता जा रहा है।


फिलहाल इस पूरे मामले की जानकारी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वसूली के इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Latest News

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top