रिमझिम बारिश के बीच विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों संग नाव से पहुंचकर लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा
रुदौली। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तहसील क्षेत्र के तराई इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सोमवार को रिमझिम बारिश के बीच रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता और तहसील प्रशासन के अधिकारी नाव से कैथी मांझा गांव पहुंच गए। चारों तरफ पानी से घिरे गांव में पहुंचकर विधायक ने ग्रामीणों से मुलाकात की और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। पानी भरने से कैथी मांझा टापू के रूप में नजर आ रहा है।
गांव के आसपास धान और गन्ने की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। गांव में आने-जाने वाले लगभग सभी रास्तों पर पानी भर गया है। इससे ग्रामीणों के आवागमन के साथ ही पशुओं के चारे की समस्या भी खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने विधायक को अपनी समस्याएं बताईं। पशुओं के चारे की समस्या सामने आने पर विधायक ने तहसीलदार को तत्काल भूसे की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने करीब 80 परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए भी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया और प्रशासन को लगातार स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तहसील प्रशासन ने कैथी मांझा में ग्रामीणों के आवागमन के लिए तीन नावों की व्यवस्था की है। वहीं महगुपुरवा के लिए दो नाव लगाई गई हैं। बाढ़ चौकियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि सरयू नदी में करीब चार लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार शाम छह बजे नदी का जलस्तर 92.810 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 92.730 मीटर है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रख रहा है।
विधायक के साथ एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता समेत राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

