रुदौली। सरयू नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए गुरुवार को तहसील रुदौली के ग्राम पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में बाढ़ प्रभावित 283 परिवारों को राहत किट वितरित की गई।
राहत किट में परिवारों की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 26 प्रकार की आवश्यक सामग्री शामिल की गई। इसमें आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, नमक, नहाने की बाल्टी, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड, तिरपाल समेत अन्य जरूरी सामान दिया गया।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए शासन और जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित परिवारों तक समय से राहत सामग्री पहुंचाने के साथ उनकी जरूरतों का लगातार आकलन किया जा रहा है।
वहीं, जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) अमित कुमार भट्ट ने सहारा बाग स्थित मेडिकल कैंप पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। बाढ़ चौकियों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, चिकित्सा सुविधा और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन उनके साथ है। आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।

