रुदौली। बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए बुधवार को ग्राम पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर राहत सामग्री वितरण समारोह आयोजित किया गया। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव की मौजूदगी में 225 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गई। इसमें कैथी मांझा के 105, मुजहना-सरायनासीर के 100 और पसैया-नेपुरा के 20 परिवार शामिल रहे।
राहत किट में आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी, तिरपाल समेत कुल 26 प्रकार की सामग्री दी गई। बाढ़ के बीच राहत सामग्री मिलने से प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिली।
वितरण के दौरान एसडीएम रुदौली विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक अनिल यादव, क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, महेंद्र वर्मा और रजनीश यादव मौजूद रहे।
एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ क्षेत्र के सभी प्रभावित परिवारों का सर्वे पूरा कराया जा चुका है। ग्राम पटरंगा, मरोचा और सन्डरी में राहत किट वितरण के लिए मांग भेज दी गई है। जल्द ही इन गांवों में भी राहत सामग्री वितरित कराई जाएगी।

