रुदौली (अयोध्या)। अयोध्या जिले की रुदौली विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मोहल्ला सालार से पैदल मार्च शुरू किया। यात्रा तिपाई और कोठी होते हुए तहसील की ओर बढ़ी, लेकिन कटरा चौराहे पर प्रशासन ने कार्यकर्ताओं को आगे जाने से रोक दिया।
कार्यकर्ताओं ने तहसील की ओर आगे बढ़ने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित 11 सूत्री ज्ञापन कटरा चौराहे पर ही प्रशासन को सौंप दिया गया। मौके पर एसडीएम विनोद गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य मौजूद रहे।
खाद की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया
सपा की ओर से दिए गए ज्ञापन में रुदौली क्षेत्र में किसानों को खाद की किल्लत और कथित कालाबाजारी से निजात दिलाने की मांग की गई। इसके साथ ही छुट्टा पशुओं की समस्या को उठाते हुए कहा गया कि इनके कारण किसानों को फसलों की सुरक्षा में परेशानी हो रही है। छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की गई।
कूड़ा और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग
नगर पालिका रुदौली क्षेत्र में कूड़े के कारण गंदगी और जलभराव की समस्या का भी मुद्दा उठाया गया। सपा नेताओं ने नगर में नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था कराने की मांग की।
ज्ञापन में रुदौली क्षेत्र में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा गैस की कथित कालाबाजारी और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
बंद पीएचसी को महिला अस्पताल बनाने की मांग
सपा नेताओं ने बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली को महिला अस्पताल में परिवर्तित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी। इसके अलावा क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की गई।
एसडीएम बोले- नहीं रोका गया, परिस्थितियों को देखते हुए लिया ज्ञापन
एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका नहीं गया है। उनके द्वारा रुदौली से तहसील तक पैदल यात्रा की अनुमति ली गई थी।
उन्होंने बताया कि सोमवार को संत रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भव्य कलश यात्रा भी निकल रही थी। इसके अलावा सोमवार को सट्टी बाजार होने के कारण सड़कों पर भीड़ अधिक होने की संभावना थी। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए सपा नेता चौधरी शहरयार से उनकी मांगों का ज्ञापन कटरा चौराहे पर ही ले लिया गया।
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
पैदल मार्च और प्रदर्शन में उमेश यादव, शुऐब खान, प्रदीप यादव, सियाराम यादव, उग्रसेन यादव, शहरान खान, हसनैन खान, यासिर कलीम, भानु यादव, फरीद बाबा, संतोष रावत, प्रमोद कौशल, आशु मिश्रा, दिलवार खान, कफील खान, विशाल वर्मा, मोहम्मद समीउल्लाह, अनस खान और अकीब खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

