अयोध्या | सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग (NewsHour)
उत्तर प्रदेश के कृषि एवं जनपद प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शुक्रवार को अयोध्या सर्किट हाउस सभागार में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक भव्य प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, बुनियादी ढांचे में आए बदलावों और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा देशवासियों और मीडिया के सामने रखा।
महापौर और विधायकों की गरिमामयी उपस्थिति
प्रेस वार्ता के दौरान अयोध्या के प्रथम नागरिक महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी, सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, मिल्कीपुर विधायक चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) कृष्ण कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
विशेष कड़ी: कार्यक्रम के दौरान ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण’ के तहत 05 चयनित लाभार्थियों को प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा उनके नए पक्के मकान की चाबियां वितरित की गयीं, जिससे उनके जीवन में खुशियों की नई शुरुआत हुई।
“जनता का अटूट विश्वास और सरकार का सेवा भाव ही हमारी ताकत” – सूर्य प्रताप शाही
पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की यह यात्रा देश की केवल तस्वीर नहीं, बल्कि तकदीर बदलने वाली साबित हुई है। वर्ष 2014, 2019 और फिर 2024 में लगातार तीसरी बार जनता ने प्रचंड बहुमत देकर यह साफ कर दिया है कि देश सिर्फ वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम देखता है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार शपथ लेते ही प्रधानमंत्री ने सबसे पहले ‘पीएम किसान सम्मान निधि’ की फाइल पर हस्ताक्षर किए, जो यह दर्शाता है कि यह सरकार गरीब और अन्नदाताओं के लिए पूरी तरह समर्पित है।
डीबीटी (DBT) से रुकी भ्रष्टाचार की लूट:
मंत्री जी ने बताया कि तकनीक और डिजिटल गवर्नेंस की मदद से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पैसा भेजा जा रहा है। इस पारदर्शिता के कारण लाखों फर्जी लाभार्थियों को सिस्टम से हटाया गया, जिससे देश के 4.31 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बच गए।
गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण के प्रमुख आंकड़े
प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता में विभिन्न योजनाओं के तहत देश की जनता को मिले सीधे लाभ के प्रामाणिक आंकड़े प्रस्तुत किए:
| योजना का नाम | कुल लाभार्थी / उपलब्धियां | मुख्य प्रभाव |
| जन-धन योजना | 58 करोड़+ बैंक खाते | 32 करोड़ से अधिक खाते सिर्फ महिलाओं के |
| मुफ्त राशन योजना | 81 करोड़+ देशवासी | कोरोना काल से अब तक निरंतर जारी |
| आयुष्मान भारत | 60 करोड़+ हेल्थ कार्ड | गरीबों को मिली मुफ्त इलाज की गारंटी |
| पीएम आवास योजना | 4 करोड़+ पक्के मकान | झुग्गी-झोपड़ियों से मिला स्थाई छुटकारा |
| उज्ज्वला योजना | 11 करोड़ मुफ्त गैस कनेक्शन | महिलाओं को धुएं से मिली आजादी |
| जल जीवन मिशन | 16 करोड़+ घरों तक नल से जल | स्वच्छ पेयजल की सुलभ उपलब्धता |
| स्वच्छ भारत मिशन | 12 करोड़+ शौचालय निर्माण | देश में स्वच्छता की नई सामाजिक क्रांति |
अन्नदाताओं और मध्यम वर्ग को मिली ऐतिहासिक राहत
कृषि मंत्री ने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत अब तक 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 4.3 लाख करोड़ रुपये सीधे भेजे जा चुके हैं। किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के जरिए 7 करोड़ से अधिक किसानों को करीब 10 लाख करोड़ का सस्ता कर्ज दिया गया है और इस कर्ज की सीमा को भी 3 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है।
इसके साथ ही, देश के मध्यम वर्ग को एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक राहत देते हुए टैक्स छूट की सीमा को 2 लाख से बढ़ाकर सीधे 12.75 लाख रुपये कर दिया गया है। महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए ‘लखपति दीदी योजना’ से 3 करोड़ महिलाओं को जोड़ा गया है और सुरक्षाबलों में महिला अफसरों की संख्या 3,000 से बढ़ाकर सीधे 11,000 कर दी गई है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी में आई ‘क्रांति’
प्रभारी मंत्री ने बुनियादी ढांचे के विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ‘जिसका शिलान्यास हमारी सरकार करती है, उसका उद्घाटन भी हम ही करते हैं।’
- सड़कों का जाल: पिछले 12 वर्षों में करीब 4 लाख किलोमीटर ग्रामीण पक्की सड़कें बनाई गईं, जिससे गांवों से शहरों की दूरी 8 घंटे से घटकर मात्र 3 घंटे रह गई है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क 2014 के 91,287 किमी से बढ़कर आज 1.46 लाख किलोमीटर से अधिक हो गया है।
- रेलवे का कायाकल्प: भारतीय रेलवे का 99.6 प्रतिशत से अधिक विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1337 स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है और देश के कोने-कोने में 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें दौड़ रही हैं।
- उड्डयन क्षेत्र: वर्ष 2014 तक देश में मात्र 74 हवाई अड्डे थे, जो पिछले 12 वर्षों में बढ़कर 164 से अधिक हो गए हैं। उड़ान योजना के तहत ‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी अब हवाई यात्रा कर रहा है।’
राष्ट्रीय गौरव और सांस्कृतिक चेतना का पुनरुत्थान
शाही जी ने कहा कि देश ने गुलामी की मानसिकता से मुक्ति पाते हुए अपनी सांस्कृतिक चेतना को जगाया है। राजपथ का नाम ‘कर्तव्य पथ’ करना, बाबा साहेब के ‘पंचतीर्थ’ का विकास, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की शुरुआत, ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ और नए भव्य संसद भवन में ‘सेंगोल’ की स्थापना नए भारत के गौरव के प्रतीक हैं।
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि आगामी 10 जून का दिन भारत के इतिहास में एक स्वर्णिम मील का पत्थर बनने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का गौरव हासिल करेंगे। मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे में 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ मोदी जी आज भी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता बने हुए हैं।

