सीएम योगी ने की कानून व्यवस्था, त्योहारों और पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा

UP Police SI Exam 14-15 March

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में आगामी त्योहारों, पुलिस भर्ती परीक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों और पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।


बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि 13 मार्च को अलविदा की नमाज अदा की जाएगी। इसके बाद 14 और 15 मार्च को उत्तर प्रदेश पुलिस रिक्रूटमेंट एंड प्रोमोशन बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए और अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।


बैठक में यह भी बताया गया कि 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का पर्व शुरू हो रहा है और 20-21 मार्च को ईद उल फितर मनाए जाने की संभावना है। इन पर्वों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिरों, मस्जिदों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए और शरारती तत्वों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में शांति समितियों की बैठकें कराकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का माहौल बनाए रखा जाए।


मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि त्योहार और परीक्षाएं शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *